महिला थाने के निरीक्षण में महिला पुलिसकर्मी को बाडी प्रोटेक्टर पहनना बताते एएसपी सुभाष शाक्य।
- फोटो : amar ujala
अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य ने महिला थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां मिलीं, जिन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक 11:30 बजे महिला थाने पहुंचे। जहां गारद पर लगी महिला पुलिसकर्मी नसीबा खातून से रायफल के सभी पुर्जे खोलकर दिखाने को कहा। महिला पुलिसकर्मी ट्रिगर को नहीं निकाल सकी। बाद में एक अन्य पुलिस जवान ने ट्रिगर बाहर निकाला।
नंबर चेक करने पर पाया गया कि रायफल किसी नंबर की है और ट्रिगर किसी दूसरे नंबर का लगा है। यहीं नहीं मैग्जीन भी दूसरे नंबर की लगी मिली। महिला थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि रायफल का नंबर जांचकर उसी नंबर के अन्य पुर्जे लगाए जाएं। इसके बाद एएसपी ने हैंडपंप, जनरेटर चेक कराया जो सही हालत में पाया। जनरेटर के पास पड़ी खाली भूमि बराबर कराकर सब्जी उगाने या फुलवारी लगाने के निर्देश दिए। महिला थाना भवन की छत पर घास जम रही है।
निर्माणाधीन बैरक के निरीक्षण में कार्यदाई संस्था की भी लापरवाही समाने आई। इस पर संबंधित बाबू से संपर्क कर ठेकेदार को तलब करने के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी ने मालखाना के सामान का निरीक्षण किया। महिला पुलिस जवानों से बाडी प्रोटेक्टर पहने की विधि जांची। कंप्यूटर रूम में पहुंचकर आपरेटर से आनलाइन एफआईआर के बारे में जानकारी ली। रिकार्ड रूम चेक करने के दौरान पाया कि कई रिकार्ड पुराने रखे हैं, उन्हें कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।