घर में आग लगने के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
विकास खंड गुगरापपुर के बढ़ौरा गांव के एक घर में देर रात अचानक आग लग गई। इससे उसका नगदी सहित एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया है। गांव बढ़ौरा निवासी अनुरुद्ध कुमार दुबे उर्फ पप्पू पंडित पुत्र अशर्फी लाल ने बताया कि वे गुरुवार रात सो रहे थे। कमरे में दीपक जल रहा था। बिस्तर पर दीपक गिरने से आग लग गई। घर से ऊंची लपटें देख गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणाें ने पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक घर में रखे 20 हजार रुपये, गेहूं, बिस्तर, चारपाई, कपडे़ सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के मुताबिक आग से करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शुक्रवार सुबह क्षेत्रीय लेखपाल सुरेश यादव ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। लेखपाल के मुताबिक पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा। ग्रामीण प्रवीण पांडे, सर्वेश कुमार दुबे, हरिश्चंद्र तिवारी, राकेश चंद्र दुबे, खुशीराम दुबे सहित अन्य कई ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता राशि देने की मांग की है।