भोजपुर गांव में एक असलाहधारी ने अपने साथी के साथ प्रधान के घर धावा बोल दिया। हमलावरों ने गालीगलौज करते हुए फायर कर दिया। इससे मौके पर भीड़ जुट गई। भीड़ को देख असलाहधारी भाग खड़ा हुआ, जबकि उसके एक साथी को ग्रामीणों ने दबोच लिया और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस मामले में प्रधान की पत्नी ने थाने में तहरीर दी है। ग्राम भोजपुर के प्रधान अनिल यादव ने बताया कि सोमवार दोपहर वह घर पर नहीं थे। उसके पिता अतर सिंह खेत में थे।
घर में उसकी पत्नी रमादेवी और उसके छोटे भाई की पत्नी रीना थी। तभी कुछ लोग असलाह लेकर उसके घर घुस आए और गालीगलौज कर फायर कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग जुट गए। इस बीच हमलावर भाग खड़े हुए। भीड़ ने एक हमलावर को दबोच लिया। पकड़े गए हमलावर को ग्रामीणाें ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रोहेला (फर्रुखाबाद) निवासी संतोष पुत्र शिवमंगल बताया। प्रधान की पत्नी रमा देवी ने तहरीर दी है।
घटना के संबंध में पहले तो थानाध्यक्ष टरकाने का प्रयास करते रहे। बाद में प्रधान ने इस मामले की शिकायत एसपी से की, तब पुलिस गंभीर हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, प्रधान अनिल यादव ने बताया कि 20 अक्टूबर 2013 को करवाचौथ के दिन उन पर जानलेवा हमला हुआ था। इसके बाद नौ जनवरी 2014 को उसके 12 वर्षीय पुत्र हर्ष का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी।
उसका शव कुसमरा थाना अंतर्गत नहर के पास से मिला था। उसने बताया कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाएंगे।