लहन के डिब्बों को तुड़वाते कोतवाल।
- फोटो : अमर उजाला
छिबरामऊ (कन्नौज)। कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर अवैध शराब के खिलाफ अपना साप्ताहिक अभियान जारी रखा। शहर के मोहल्ला ककरैया में छापा मारकर अवैध शराब की भट्ठियां तोड़ दी। हजारों लीटर लहर नष्ट कर दिया। लगभग 50 लीटर शराब बरामद कर एक को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल आमोद कुमार सिंह ने अभियान शहर से सटे मोहल्ला ककरैया में चलाया। भारी पुलिस बल के साथ टीम ने जब मोहल्ले में छापा मारा तो वहां हड़कंप मच गया। पुलिस को देख लोग घर छोड़ भाग खड़े हुए। अभियान के दौरान पुलिस ने ककरैया निवासी राजू गिहार को अवैध शराब बनाते दबोच लिया। पुलिस ने घरों के अंदर घुस-घुसकर जमकर तलाशी ली। इस दौरान शराब बनाने के लिए एकत्र किए गए हजारों लीटर लहन को मौके पर ही फैला कर नष्ट कर दिया गया। शराब बनाने के उपकरणों को जब्त कर प्लास्टिक के डिब्बों को तोड़फोड़ कर नष्ट किया गया। मौके से पुलिस को पचास लीटर अवैध शराब बरामद हुई है। कोतवाल ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ उनका यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।