तिर्वा के गिहार बस्ती में बरामद लहन को नष्ट करती आबकारी टीम।
- फोटो : अमर उजाला
तिर्वा। जिले की आबकारी विभाग की टीम व कोतवाली पुलिस ने बुधवार की दोपहर संयुक्त रूप से कस्बे में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान कस्बे की गिहार बस्ती से एक घर में छापा मारकर चालीस लीटर बनी अवैध शराब व 850 लीटर अवैध लहन को बरामद किया। गृह स्वामी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
बाद में कस्बे की तीन देशी शराब व तीन अंग्रेजी शराब की दुकानों पर छापा मारा। इन दुकानों में आबकारी विभाग को कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। आबकारी टीम ने दोपहर दो बजे के करीब कस्बे के बौद्ध नगर मोहल्ला स्थित भोला गिहार पुत्र सियाराम गिहार के आवास पर छापा मारा। इस दौरान उसके घर से चालीस लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
कई प्लास्टिक के कंटेनर में भरा 850 लीटर लहन बरामद किया गया। इस लहन को आबकारी की टीम ने पास में ही नष्ट कर दिया। छापे के दौरान भोला मौके से भाग निकला। आबकारी निरीक्षक एमपी सिंह ने कोतवाली में भोला के खिलाफ अवैध शराब का मामला दर्ज कराया है। बाद में जिला आबकारी अधिकारी कृष्ण मोहन गोस्वामी, आबकारी निरीक्षक एमपी सिंह, अनुराग सिंह, महेंद्र कौशल, सिपाही गुलाब सिंह, नईम खां, इमरान ने कस्बे के ठठिया रोड, गांधी चौक चौराहा व खैरनगर रोड स्थित देशी व विदेशी मदिरा की छह दुकानों की आकस्मिक जांच की।
आबकारी विभाग की इस जांच से दुकानों में शराब खरीद रहे लोग मौके से भाग निकले। बाद में आबकारी निरीक्षक ने बताया कि इन देशी व विदेशी मदिरा की दुकानों से कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है।