फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर तरफ गोलियों की तड़तड़ाहट और चीखपुकार

Thu, 14 Dec 2017 12:04 AM IST
kannauj
विज्ञापन
घटनास्थल पर महिलाओं से जानकारी करती पुलिस। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
चपुन्ना।
विज्ञापन

क्षेत्र के ग्राम नगला धरमाई में थोड़ी देर पहले जहां ढोलक की थाप और मजीरों की खनक गूंज रहीं थी, वहां अब गोलियों की आवाज और चीखपुकार सुनाई दे रही थी। दबंगों के हौसले इतने बुलंद थे कि सूचना मिलने पर जब चौकी इंचार्ज सिपाहियों के साथ गांव पहुंचे, तो वे भी हमले का शिकार हो गए। पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए। रातभर गलियों में बूटों की धमक लोगों की धड़कनें बढ़ाती रही।
नगला धरमाई गांव में राधेश्याम के बेटे आदेश की बारात वापस आई थी। परिवार के लोग और रिश्तेदार नई नवेली दुल्हन के साथ नाच-गाना कर जश्न मना रहे थे।

उसी समय उनके रिश्तेदार ट्विंकल की तलाश करते हुए गांव के ही संजीव उर्फ संजू यादव अपने भाई मनोज, अशोक और भतीजे मोहित तथा परिवार के ही बिल्लू पुत्र अतर सिंह के साथ वहां पहुंच गए। इन लोगों ने वहां मौजूद ट्विंकल को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। महिलाओं ने जब इसका विरोध किया तो दबंग महिलाओं को बेरहमी से पीटने लगे।
विज्ञापन


राधेश्याम के बड़े बेटे राजेश ने जब उन लोगों को रोका तो मनोज यादव ने उनके ऊपर तलवार से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। महिलाओं ने साहस दिखाते हुए मनोज से तलवार छीन ली। सूचना पाकर चपुन्ना चौकी इंचार्ज जफर अब्बास चौकी के सिपाही मोनू कुमार, मुकेश कुमार व शिवकुमार के साथ गांव पहुंचे तो उन्हें भी इतने बड़े हमले का अंदाजा नहीं था। शराब के नशे मे धुत दबंगों ने पुलिस पर भी हमला बोल दिया। ग्रामीणों के मुताबिक दबंगों ने कई राउंड हवाई फायर किए।

अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाते हुए दबंग मौके से भाग निकले। थोड़ी देर बाद जब कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा तो सीओ ने रात में ही आरोपियों की घेराबंदी करने की रणनीति बनाई और मुख्य आरोपी संजू यादव को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार की सुबह पुलिस ने दबिश देकर मनोज यादव को भी उठा लिया। पुलिस ने मारपीट में घायल राजेश, ट्विंकल, मीरादेवी, सुषमा देवी, सूरजमुखी आदि को अस्पताल भेज दिया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

लड़की भगाने के आरोप में बोला हमला
सौरिख। चपुन्ना चौकी इंचार्ज जफर अब्बास ने बताया कि झगड़े की सूचना पर जब वह नगला धरमाई गांव पहुंचे तो वहां मौके पर संजू यादव पुत्र अमर सिंह मिला। उसने बताया कि राधेश्याम का नाती ट्विंकल निवासी ग्राम किर्राना निवासी उसकी भतीजी दिव्या को भगा ले गया है और राधेश्याम ने उसे घर में छिपा रखा है, जब वह घर पहुंचे, तो ट्विंकल वहां पर मौजूद मिला। इसके बाद उन्होंने दिव्या की तलाश की तो वह भी घर में मिली। उसी समय संजू, मनोज, अशोक व बिल्लू ने ट्विंकल पर उनके सामने ही हमला बोल दिया, जिसमें ट्विंकल के अलावा सिपाही मोनू व शिवकुमार भी घायल हो गए। बीच-बचाव में उनको भी चोटें आईं।
कई बार पुलिस पर हमला बोल चुका है संजू
सौरिख। क्षेत्र के ग्राम नगला धरमाई निवासी मुख्य आरोपी संजू यादव पुत्र अमर सिंह को पुलिस ने रात में ही तमंचा व कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक संजू एक शातिर अपराधी है और वह कई बार पुलिस पर भी हमला बोल चुका है। वर्ष 2011 में उसने तत्कालीन सौरिख थानाध्यक्ष बीएल यादव तथा इसके बाद थानाध्यक्ष रहे संतोष कुमार अवस्थी पर भी हमला बोला था। इन घटनाओं के मुकदमे थाने में दर्ज हैं, जिसमें संजू यादव वांछित चल रहा था। पूरे क्षेत्र में उसके नाम की दहशत है।
विज्ञापन

फरार आरोपियों की तलाश में टीम गठित
सौरिख। सीओ श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि इस घटना के संबंध में संगीन धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मुख्य आरोपी संजू यादव और उसके भाई मनोज यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अशोक, मोहित और बिल्लू अभी फरार चल रहे हैं। फरार आरोपियों की तलाश में एक टीम का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व एसएसआई बसंतराम कुशवाहा को सौंपा गया है। गांव में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें