जनपद मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र के इंद्रपुखरिया गांव में एक मूकबधिर विवाहिता संदिग्ध हालात में जल गई। उसे सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। विवाहिता के भाई ने ससुरालीजनों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
बुधवार दोपहर ग्राम इंद्रपुखरिया निवासी राजीव चौहान के परिजन गांव के ही सतेंद्र सिंह के यहां रामायण सुनने के लिए गए थे। परिजनों के मुताबिक घर में मौजूद राजीव की पत्नी शिवानी चौहान (23) ने किसी बात से क्षुब्ध होकर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। उसकी चीखपुकार सुन परिजन व आस-पड़ोस के लोगों ने आग बुझाई और सौ शैय्या अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी पर शिवानी का भाई जनपद मैनपुरी के ग्राम श्यामपुर निवासी विक्रम तोमर भी अस्पताल पहुंच गया। उसने आरोप लगाया कि ससुरालीजन उसकी मूकबधिर बहन को कई महीनों से मायके नहीं भेज रहे हैं, जिससे वह काफी परेशान थी। वह कई बार उसे बुलाने भी आया, लेकिन ससुरालीजनों ने उसे नहीं भेजा।
उसने आरोप लगाया है कि ससुरालीजनों ने जान से मारने की नीयत से उसकी बहन पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाई है। वहीं, विवाहिता के ससुर कालिका सिंह का कहना था कि उसकी बहू का चार माह का बेटा हर्ष है। बच्चा छोटा होने के कारण परिजन उसे मायके जाने से मना कर रहे थे। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को भी दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि मामला गैरजनपद का है। इसलिए संबंधित थाने को सूचना भेज दी गई।