अस्पताल में उपचार के लिए इंतजार कर रहे घायल।
- फोटो : amar ujala
बारातियों से भरी डीसीएम कसावा गांव में रामलीला मैदान के पास पानी भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में करीब 25 बाराती घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दस बारातियों को मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर किया गया है। फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद अंतर्गत ग्राम दया नगला निवासी अहिबरन लाल शर्मा के पुत्र श्यामू की बारात डीसीएम से ग्राम खानपुर कसावा जा रही थी। शनिवार देर रात करीब साढ़े दस बजे बारात छिबरामऊ से कसावा में रामलीला मैदान के पास पहुंची।
मोड़ पर चालक विजय पुत्र गिरीश डीसीएम पर नियंत्रण नहीं रख सका और डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जाकर पलट गई। हादसा होते ही चीखपुकार मच गई। इस बीच आस-पड़ोस के लोग भी दौड़कर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह गड्ढे में फंसे लोगों को बाहर निकाला और फिर 108 पर फोन कर एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचा। इसके साथ कई अन्य घायलों को सौरिख, तालग्राम और तिर्वा अस्पताल भी ले जाया गया।
छिबरामऊ अस्पताल पहुंचे घायलों में उपेंद्र शर्मा, वैद्यराज, रामलड़ैते, सुधीर, उमेशचंद्र, इच्छालाल, रामकुमार, उमेश, अजीत, अक्षय, विनोद, हिमांशु, शिवम, ध्रुव आदि तमाम घायलों का उपचार किया गया। हालत गंभीर होने पर इच्छालाल, रामकुमार, उपेंद्र, उमेश, विनोद समेत दस घायलों को तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।