देह व्यापार का विरोध करने पर पिता ने चार बेटियों को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। दो पुत्रियों को कमरे में बंद कर दिया। दो अन्य पुत्रियों ने यूपी 100 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कमरे में बंद युवतियों को मुक्त कराया। कोतवाली पहुंची चारों युवतियों ने पिता पर प्रताड़ना के आरोप लगाए और पिता के साथ रहने से इंकार कर दिया। उन्होंने नारी निकेतन भेजने की गुहार लगाई है। लोगों के समझाने पर युवतियां मान गई और उन्हें पिता से अलग दूसरे घर में भेज दिया गया।
पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक घटना बुधवार को सामने आई है। कस्बा के एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति की चार पुत्रियां हैं। इनमें से एक पुत्री ने 100 नंबर पर सूचना दी कि उसके पिता दो बहनों को कमरे में बंद कर दिया है। मौके पहुंचे यूपी 100 पुलिस के कांस्टेबिल नरेश कुमार, अतुल कुमार आदि ने दोनों युवतियों को मुक्त कराया। चारों बहनों ने पिता के साथ जाने से इंकार कर दिया।
पुलिस उन्हें कोतवाली ले आई, जहां युवतियों ने बताया कि पिता उनके साथ गलत हरकतें करता है। देह व्यापार के लिए मजबूर कर रहा है। विरोध किया तो प्रताड़ित करता है। एक युवती ने बताया कि उसे उल्टा लटकाकर पीटा गया। बताया कि पिता धमकी देता है कि अगर यह बात किसी को बताई तो चेहरे पर तेजाब डाल दूंगा। शरीर पर पिटाई से पड़े नीले निशान दिखाने के बाद युवतियों की मां भी सहमी हुई थी। काफी देर तक चले मामले के बाद युवती की मां ने पति के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने पति को पकड़कर शांतिभंग में चालान कर दिया है।