थाना क्षेत्र के भीकमपुर सहायनी प्राण नगला के बीच निर्माणाधीन लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर बकरियों को हटाने गई बालिका को हाईवे के बोलेरो ने टक्कर मार दी। बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। सैकड़ों ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को एक्सप्रेस वे पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक हंगामा जारी था।भीकमपुर गांव निवासी ललू दिवाकर की बड़ी पुत्री नेहा (11) गांव के ही परिषदीय स्कूल में कक्षा चार की छात्रा है।
स्कूल से लौटने के बाद गांव के लोगों के साथ हाईवे के पास खेतों में बकरियां चराने गई हुई थी। सोमवार देर शाम कुछ बकरियां हाईवे पर पहुंच गईं। इसको देखकर बालिका बकरियों को नीचे उतारने लगी। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने नेहा को चपेट में ले लिया। नेहा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को देख आसपास मवेशी चरा रहे ग्रामीणों ने दौड़क र गाड़ी पकड़ने का प्रयास किया लेकिन तबतक चालक गाड़ी लेक र मौके से फरार हो गया।
आनन-फानन में परिजनों को सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा हंगामा किया और मुआवजे की मांग की। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष मो. अनवर अहमद, संजीव कुमार चौहान ने परिजनों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन परिजन हाईवे के अधिाकरियों को मौके पर बुलाने पर अडे़ रहे। समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने शव को नहीं उठने दिया है।