टिहुला के पास बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने दंपति और दो शिक्षकों के साथ नगदी, जेवर और मोबाइल लूट लिए। इसके बाद बाइकर्स हवा में तमंचा लहराते फरार हो गए। खास बात यह कि लूट की दोनों घटनाएं महज आधे घंटे के अंतराल में 50 मीटर की दूरी पर हुई हैं।
लुटेरे बाइक सवार पुलिस लिखी बिना नंबर की बाइक पर आए थे। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना किया, लेकिन लुटेरे पकड़ में नहीं आए। बुधवार को सादिकपुर निवासी मुलायम सिंह पुत्र रामरतन पाल अपनी पत्नी मिथलेश के साथ बाइक पर गुरसहायगंज स्थित मामा के घर जा रहे थे। दोपहर डेढ़ बजे जैसे ही वह टिहुला के आगे पहुंचे, तभी ग्रे कलर की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक किया। इसके बाद उनके सामने अपनी बाइक अड़ाकर तमंचा तान दिया।
बदमाशों ने मिथलेश के पास मौजूद कान की सोने की झुमकी, सोने की चेन, मुलायम के पास मौजूद 45 सौ रुपये और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद बाइक की चाबी लेकर फरार हो गए। इसी घटना के कुछ देर बाद महज चालीस-पचास मीटर की दूरी पर बदमाशों ने पीछे से एक ही बाइक से जा रहे प्राथमिक विद्यालय हसेरन द्वितीय के शिक्षक सलीम खां पुत्र कुतुबुद्दीन और जरियापुर प्राथमिक स्कूल के टीचर सरमनलाल पुत्र रामगोपाल को रोक लिया। इनके ऊपर भी तमंचा तान दिया।
सलीम के पास से 2400 रुपये, एक मोबाइल, सरमनलाल के पास से 3200 रुपये नगद, एक चांदी का सिक्का, मोबाइल लूट ली। यहां भी बदमाशों ने बाइक की चाबी निकाल ली। लूटपाट करने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। पीड़ितों की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य, सीओ तिर्वा सुरेंद्र पाल सिंह, इंदरगढ़ थानाध्यक्ष सुरेश कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। छानबीन की पर बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका।