चुनाव में माहौल बिगाड़ने की साजिश का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। स्वाट, सर्विलांस व गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस ने कटरी की झाड़ियों में संचालित शस्त्र फैक्ट्री पकड़ी है। असलहों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जबकि दो साथी भाग गए। एसपी दिनेश कु मार पी ने पुलिस कार्यालय में घटना का खुलासा किया।
एसपी ने पुलिस कार्यालय में आरोपी का नाम तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव दौलीखाती (किनौरा) निवासी सतीश शर्मा पुत्र लक्ष्मी नारायण शर्मा बताया। जबकि भागे हुए लोगों के नाम फर्रुखाबाद जनपद के थाना कमालगंज गांव कुंडपुरा निवासी श्रवण पुत्र मनोहर व समर पाल पुत्र शंकर बताया।
इस दौरान पुलिस टीम को मौके से तीन तमंचा 315 बोर, एक रायफल 315 बोर, दो बंदूक 12 बोर, सात बैरल 12 बोर, तीन बैरल 315 बोर, दो अधबने तमंचे के अलावा रेती, छेनी, सुंबी, बोर मेकर, सौ ग्राम सुहागा, चूड़ी बनाने की मशीन, दस किलो का बांट, लोहे का पंखा, बरामद हुए। एसपी ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति 20-25 साल से शस्त्र बना रहा है। इसे पहले भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एक तमंचे को दो हजार से आठ हजार रुपये में बेचता है। उन्हाेंने बताया कि तमंचे चुनाव के समय माहौल बिगाड़ने में भी इस्तेमाल हो सकते थे।