तिर्वा (कन्नौज)। मौरंग से ओवरलोड तीन ट्रकों को एआरटीओ ने छापामार कार्रवाई में पकड़ लिया। इन्हें कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
कस्बे के इंदरगढ़ तिराहे पर मौरंग मंडी बंद हो जाने के बाद झांसी, उरई, हमीरपुर से मौरंग लदे ओवरलोड ट्रक आ रहे हैं। ट्रक चालक इन्हें इंदरगढ़ तिराहे के पहले खड़ा कर लेते हैं। शुक्रवार को एआरटीओ ने तिर्वा-उमर्दा मार्ग पर छापा मारा। उन्हें जगह-जगह मौरंग लदे ट्रक मिले। एआरटीओ ने इनके कागजात चेक किए। तीन ट्रकों में मौरंग ओवरलोड होने से इन्हें सीज कर दिया। पकड़े गए ट्रकों को एआरटीओ ने कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कोतवाल टीपी वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को एआरटीओ ने ओवरलोड वाहनों को पकड़ने के लिए कस्बे में छापा मारा था। उन्होंने तीन ट्रकों को पकड़ लिया। इन्हें पुलिस सुरक्षा में खड़ा कराया गया है।