तालग्राम। कच्ची व अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने दूसरे दिन भी निकवा गिहार बस्ती में अभियान चलाया। गांव से बाहर नाले में दस क्विंटल लहन प्लास्टिक के डिब्बों में भरी मिली। 20 लीटर बनी शराब भी बरामद की। आरोपी भाग निकला। पुलिस ने अभियोग पंजीकृत किया। प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह के निर्देश पर रविवार की सुबह छह बजे दरोगा सुधीर कुमार, ओमवीर सिंह, गौरव, नरेंद्र की टीम ने निकवा गिहार बस्ती में छापा मारा। बस्ती में भगदड़ मच गई। कई मकानों में तलाशी ली पर उनके हाथ कुछ नहीं लगा। गांव से बाहर बने नाले में प्लास्टिक के डिब्बों में छिपाकर रखी लगभग 10 क्विंटल गुड़ व शीरे से तैयार लहन मिली। पुलिस ने बाहर निकालकर नष्ट कर दिया। दिनेश पुत्र लल्लू गिहार के घर से 20 लीटर शराब भी बरामद की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि करीब तीन हजार लीटर लहन नष्ट की गई है। आबकारी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपी फरार हो गया। तलाश की जा रही है। अवैध शराब के खिलाफ एक सप्ताह तक अभियान चलेगा।