कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को अगवा किए जाने के मामले में पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दिसंबर 2018 में किशोरी की बहन से घर में घुस कर एक युवक ने दुष्कर्म किया था। इस मामले में अगवा किशोरी चश्मदीद गवाह थी। मुकदमा हो जाने के बाद गवाह को रास्ते से हटाने के लिए आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर अगवा किया है। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दिसंबर माह में घर में अकेली किशोरी को बंधक बना कर एक युवक ने बलात्कार किया था। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसी घटना में किशोरी गवाही देने के लिए परिवार के एक व्यक्ति के साथ 11 मार्च को दोपहर 2 बजे कोर्ट जा रही थी। रास्ते से उसे अगवा कर लिया गया। कार सवार लोगों ने इस काम को अंजाम देने के लिए अपने बहनोई की कार का इस्तेमाल किया। जानकारी होने पर पुलिस ने गुरुवार को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की खोज शुरू कर दी। कोतवाल विनोद मिश्रा का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। किशोरी की खोज की जा रही है। जो भी जांच में आएगा उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
रंजिश में किशोरी को किया अगवा, छह पर मुकदमा
11 मार्च की दोपहर कोर्ट में गवाही देने जाते समय किया गया था अगवा