अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज।
मायके में रह रही पत्नी से मिलने आ रहे युवक का शव संदिग्ध हालात में जिला अस्पताल के पीछे पड़ा मिला है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर कर कार्रवाई की मांग की है।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव लोंहगापुर निवासी उदयचंद्र पुत्र उर्फ बबलू (38) पुत्र देशराज की पत्नी संगीता देवी अपने मायके मन्नापुरवा सदर कोतवाली में करीब दो माह से पिता पातीराम के साथ रह रही है। 20 दिन पूर्व संगीता ने बच्चे को जन्म दिया था। गुरुवार की दोपहर को उदयचंद्र परिजनों से ससुराल मन्नापुरवा जाने की बात कहकर निकला था। दोपहर करीब दो बजे मन्नापुरवा गांव की रोड के पास जिला अस्पताल के पीछे कुछ लोगों ने उदयचंद्र को पड़ा देखा तो इसकी जानकारी उसके ससुर पातीरात को दी। मौके पर परिजनों के साथ पहुंचा पातीराम दामाद उदयचंद्र को जिला अस्पताल ले गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुंह से झाग निकलने के कारण जहर से उसकी मौत होने की चिकित्सकों ने आशंका जाहिर की। घटना की जानकारी पर जिला अस्पताल पहुंचे पिता देशराज ने अज्ञात लोगों द्वारा जहर देकर पुत्र की हत्या की आशंका जाहिर की। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
कोतवाल एके सिंह ने बताया कि अभी तक उन्हें तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के ससुर पातीराम ने बताया कि तीन दिन पूर्व उदयचंद्र घर आया था। बेटे को देखने और पत्नी से बातचीत कर वह घर चला गया था।
संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
-मायके में पत्नी से मिलने के लिए घर से निकला था युवक
-ससुराल के नजदीक जिला अस्पताल के पीछे मिला शव