गुरसहायगंज। कस्बे के मोहल्ला अफसरी में परिवार के साथ ससुराल गए रेडीमेड कपड़ा कारोबारी के घर को चोरों ने निशाना बनाया। घर का ताला तोड़कर चोरों ने जेवर और नकदी पार कर दी। पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
मोहल्ला अफसरी निवासी शादाब की कस्बे में रेडीमेड कपड़े की दुकान है। मंगलवार को वे पत्नी गुड़िया और बच्चों के साथ ससुराल शमशाबाद गए थे। बुधवार शाम करीब छह बजे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर कमरों में सामान बिखरा मिला। अलमारी से इस दौरान सोने की दो जंजीर, तीन अंगूठी, दो जोड़ी झुमके समेत करीब साढ़े तीन लाख के जेवर और 90 हजार रुपये गायब थे।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि चोरों ने मंगलवार रात वारदात को अंजाम दिया है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर जल्द जेल भेजा जाएगा।