कन्नौज। बसपा नेता और पूर्व एमएलसी नौशाद अली के डिग्री कॉलेज को चोरों ने निशाना बना लिया। दरवाजों को तोड़कर चोरों ने नकदी और उपकरण पार कर दिए।
सदर कोतवाली के गुनहां गुगरापुर में बसपा नेता और पूर्व एमएलसी नौशाद अली का हाजी तौफिक अली डिग्री कॉलेज है। बुधवार रात कॉलेज की दीवार फांदकर चोर घुस गए। कार्यालय के दरवाजों को तोड़कर चोरों ने इनवटर, दो बैटरी, पांच कंप्यूटर, सीपीयू, अभिलेख रजिस्टर और 13 हजार रुपये पार कर दिए। सुबह स्कूल पहुंचे शिक्षक अनिल कुमार ने मैनेजर मुकद्दर अली को चोरी की सूचना दी।
मामले की जानकारी मिलते ही कुसुमखोर चौकी प्रभारी विनोद कुशवाहा ने पहुंच कर छानबीन की। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। (संवाद)