पड़ोसियों से जानकारी करते कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
गुरसहायगंज। कोतवाली क्षेत्र के नौरंगपुर गांव में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद पति समेत अन्य ससुराल वाले घर से भाग निकले।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव बलनपुर निवासी इदरीश ने पांच जून 2022 को बेटी सलमा का निकाह गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के नौरंगपुर निवासी रिंकू के साथ किया था। रिंकू घर में ही जनरल स्टोर चलाता है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे सलमा का शव मकान के अंदर बने कमरे में फंदे पर लटका मिला। शव देखकर रिंकू और उसके परिवार के लोग भाग निकले। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस और मायके पक्ष के लोगों को दी। इदरीश का आरोप है कि रिंकू ने परिजनों के साथ मिलकर दहेज के लिए सलमा की हत्या की है। कोतवाली प्रभारी राज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा है। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
काली नदी में मोबाइल फोन फेंक कर भागा रिंकू
स्थानीय लोगों ने बताया कि सलमा की मौत के बाद उसका पति रिंकू पैदल ही भाग निकला। गांव के पास से निकली काली नदी में उसने एक मोबाइल भी फेंक दिया। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने कोतवाली प्रभारी राज कुमार को भी दी। प्रभारी का कहना है कि मोबाइल रिंकू का है या सलमा का, इसका पता कर लिया जाएगा।