सौरिख। नगला सहोरा गांव में लोन की किस्त न दे पाने से परेशान युवक ने पंखे में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दौलताबाद चौकी क्षेत्र के नगला सहोरा गांव निवासी शैलेंद्र कुमार (35) पिकअप चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। उसने लोन लेकर पिकअप खरीदी थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण किस्त अदा करने में परेशानियों का सामना कर रहा था। सोमवार देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई और तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान घर में ही कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने अंदर झांक कर देखा तो युवक गमछे से बनाए गए फंदे से लटका हुआ था।
परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा को तोड़कर युवक को नीचे उतारा लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज जितेंद्र रावत ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ माह से पिकअप की किस्त न अदा होने के कारण शैलेंद्र परेशान रह रहा था। शैलेंद्र की पत्नी किरन देवी, मां सपना देवी, बेटा अंशु व छोटे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।