कन्नौज। ससुराल में पत्नी को विदा कराने आए युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पिता ने बेटे की पत्नी समेत पांच लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
औरैया के बेला थानाक्षेत्र के गांव बिहारपुर निवासी ज्ञानेंद्र कुमार ने बेटे मोहित की 24 मई 2021 को सदर कोतवाली के अहमदपुर रौनी में रहने वाली पिंकी के साथ शादी की थी। मोहित राजस्थान के पाली के रानी में केनपुर रोड पर रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता था, जबकि पिंकी मायके में रहती थी। ज्ञानेंद्र ने सदर कोतवाली में मंगलवार को बेटे की पत्नी पिंकी, उसके पिता रामस्वरूप, मां ज्ञानदेवी, भाई मोहित और रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि दो जुलाई को बेटा मोहित पिंकी को बुलाने अहमदपुर रौनी गया था। यहां उसकी पत्नी ने परिवार के लोगों के साथ बेटे से 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद मोहित को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। बेटे ने जहर पीकर जान दे दी। सीओ सदर शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।