छिबरामऊ (कन्नौज)। छिबरामऊ कोतवाली के सामने ताजपुर रोड पर बुधवार देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इसमें कुख्यात बदमाश धर्मा और उसका बेटा अनुज भी शामिल है।
बिसनुगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम उस्मानपुर निवासी धर्मा शातिर अपराधी है। उस पर लूट, हत्या, अपहरण जैसे 25 मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। वहीं उसके बेटे अनुज पर भी 10 मामले दर्ज हैं। बुधवार देर रात धर्मा, बेटे अनुज और गांव के भूरा के साथ बाइक से किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहा था। इसकी जानकारी छिबरामऊ कोतवाली पुलिस को हो गई।
पुलिस ने कोतवाली के सामने ताजपुर रोड पर ही घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर धर्मा और उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसी दौरान पुलिस से बचने के लिए धर्मा का बेटा अनुज नाले में कूद गया, लेकिन उसे दबोच लिया गया। इसके बाद पुलिस ने धर्मा, अनुज और भूरा को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस अभी पूरी जानकारी नहीं दे रही है। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बस इस बात की पुष्टि की है कि तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है।