कन्नौज। इंस्पेक्टर के झांसे में आकर दुष्कर्म का शिकार हुई महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़िता ने विवेचना किसी दूसरे थाने से कराने की मांग की है।
सदर कोतवाली एक गांव में रहने वाली 40 वर्षीय महिला ने कोर्ट के आदेश पर नाबालिग बेटी से दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसकी जांच हाजी शरीफ चौकी प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार मौर्या कर रहे थे। सोमवार को महिला ने अनूप कुमार मौर्या के खिलाफ झांसा देकर पुलिस लाइन में आवास पर ले जाकर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आरोपी इंस्पेक्टर अनूप कुमार मौर्या को जेल भेजने के बाद मंगलवार को पुलिस ने जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में महिला का मेडिकल परीक्षण कराया।
पीड़िता ने एसपी कुंवर अनुपम सिंह से मामले की विवेचना किसी अन्य थाने में स्थानांतरण कराने की मांग की है। एसपी का कहना है कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।