सौरिख (कन्नौज)। दहेज उत्पीड़न के मामले में जांच कर रही हरियाणा की मुख्य महिला आरक्षी से आरोपी और उसके भाई ने फोन पर गाली-गलौज कर दी। इसके बाद हरियाणा से आई पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को साथ हरियाणा ले गई।
शुक्रवार को हरियाणा के पानीपत सेक्टर 13/17 थाने में तैनात हेड महिला कांस्टेबल सीनू पुलिस टीम के साथ सौरिख थाने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पानीपत सेक्टर-छह निवासी पूजा रानी की शादी 2020 में थाना क्षेत्र के बेहटा गांव निवासी विकास दुबे के साथ हुई थी।
छह नवंबर 2021 को पत्नी पूजा रानी ने पति विकास दुबे, देवर अमन और सास-ससुर के खिलाफ उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच करने के लिए जब विकास और उसके भाई अमन को फोन किया तो दोनों गाली-गलौज की।
इसके बाद सौरिख पुलिस के साथ दबिश देकर विकास दुबे और अमन को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से हरियाणा पुलिस दोनों युवकों को अपने साथ ले गई।