मढ़पुरा गांव में अज्ञात शव मिलने के बाद लगी ग्रामीणों की भीड़। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
इंदरगढ़ (कन्नौज)। गोली मारने के बाद ईंट से सिर कुचल कर युवक की हत्या कर दी गई। मंगलवार को मढ़पुरा गांव के खेत में शव मिला तो फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे पुलिस अफसरों ने जांच की। शव के पास खून से सनी ईंट और चप्पलें मिली हैं। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
इंदरगढ़ के मढ़पुरा गांव निवासी किसान राम नारायण मिश्रा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे चारे के खेत में सिंचाई करने गए थे। बीच खेत में उन्होंने खून से लथपथ युवक का शव देखा। सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट के साथ सीओ दीपक दुबे और थाना प्रभारी कमल भाटी पहुंच गए। युवक के गले में गोली का निशान मिला और सिर ईंट से कुचला मिला। पास ही खून से सनी ईंट और चप्पलें पड़ी मिलीं। सिर ईंट से कुचला होने के कारण कीड़े पड़ गए। इससे शिनाख्त करना मुश्किल हो गया है।
थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि करीब तीन दिन पूर्व युवक की हत्या की गई है। युवक की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच की है। वह सफेद शर्ट और काला पेंट पहने है। गले में भगवा गमछा भी लिपटा मिला। शव की शिनाख्त कर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
प्रेम-प्रसंग के चलते हत्या की आशंका
मढ़पुरा गांव के पास चार सितंबर की शाम ग्रामीणों ने युवक को एक महिला व दो युवकों के साथ खेतों की ओर जाते देखा था। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने कपड़ों के आधार पर इसकी पुष्टि की। इससे पुलिस को आशंका है कि प्रेम-प्रसंग के चलते युवक की हत्या को अंजाम दिया गया है। पुलिस आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।