छिबरामऊ। बाजार करने आए युवक का रुपयों से भरा झोला टप्पेबाजों ने पार कर दिया। शोर मचाने पर पुलिस ने टप्पेबाज को सौरिख तिराहे के पास से पकड़ लिया।
सौरिख थाना क्षेत्र के बिलंदपुर निवासी वीरेंद्र सिंह सेना में हवलदार पद से सेवानिवृत्त हैं। मंगलवार को उनके पुत्र अमित कुमार ने एसबीआई बैंक में संचालित उनके पेंशन खाते से एक लाख रुपये निकाले थे। रुपयों को उसने झोले में रख लिया। इस दौरान अमित के साथ उसका मित्र गजेंद्र सिंह भी था।
दोनों स्टेट बैंक के पास से एक परचून की दुकान से घरेलू सामान खरीदने लगे। रुपयों से भरा झोला परचून दुकान के काउंटर पर रख दिया। इसी बीच पीछे खड़े टप्पेबाज ने दोनों को बातों में उलझाकर झोला उठा लिया। टप्पेबाज तेजी से सौरिख तिराहे की ओर भाग निकला। शोर मचाते हुए दोनों युवक भी उसके पीछे दौड़ पड़े। सौरिख तिराहे पर मौजूद पुलिस ने टप्पेबाज को पकड़ कर नोटों से भरा बैग भी बरामद कर लिया। पुलिस टप्पेबाज को पकड़कर थाने ले आई। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है।