कन्नौज। बेटी पैदा होने पर युवक ने परिवार के साथ पत्नी को पीटा और बस अड्डे पर बेटी के साथ छोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
शहर के मोहल्ला शिवाजी नगर सरायमीरा निवासी केशकांत ने दो जून 2018 को बेटी शीला की शादी मैनपुरी के बेवर थानाक्षेत्र के गांव मिश्रुरपुर निवासी अजय कुमार उर्फ लालू के साथ की थी। शीला ने सोमवार को सदर कोतवाली में पति अजय कुमार उर्फ लालू, जेठ गोविंद, देवर कुलदीप, देवरानी और जेठानी और चचेरे ससुर मुन्नी लाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि एक साल पूर्व उसने बेटी को जन्म दिया था।
इसी बात से नाराज पति और परिवार के लोगों ने पिटाई कर दी। एक सितंबर को सभी लोग कार से उसे बस अड्डे सरायमीरा पर छोड़ कर चले गए। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)