सौरिख (कन्नौज)। किराये के मकान में परिवार के साथ रह रही किशोरी सोमवार रात को घर से गायब हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक का पीछा किया तो किशोरी उसी के साथ थी। पुलिस ने उसे युवक के चंगुल से मुक्त कराया। आरोपी पुलिस को चकमा देकर बाइक छोड़कर भाग निकला। किशोरी ने बताया कि युवक उसे जबरन ले जा रहा था।
औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी परिवार पिछले 20 वर्षों से कस्बे में किराये पर मकान लेकर रह रहा है। परिवार का मुखिया चाट की ठेली लगाकर परिवार का भरण पोषण करता है। सोमवार रात सभी छत पर सो रहे थे। तभी 14 वर्षीय किशोरी को गायब देख परिवार के लोगों में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। इसी दौरान कुछ लोगों ने युवक को बाइक से किशोरी को ले जाते देखा। पुलिस ने पीछा कर कबीरपुर रोड पर घेराबंदी कर किशोरी को चंगुल से छुड़ा लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर युवक बाइक को छोड़कर भाग गया। पुलिस किशोरी और बाइक को थाने ले आई। इस बीच परिजन भी थाने पहुंच गए। पुलिस ने किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। बाइक के नंबर से युवक की तलाश की जा रही है।