गुरसहायगंज। बुधवार शाम से लापता युवक का शव पश्चिमी रेलवे क्रासिंग के पास गुरुवार को पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फतेहगढ़ के मोहल्ला ग्रानगंज निवासी संजीव कुमार सविता (40) पत्नी की मौत होने के बाद पिछले छह माह से गुरसहायगंज के मोहल्ला विजय नगर स्थित ससुराल में रह रहा था। संजीव के ससुर सोबरन के मुताबिक बुधवार शाम वह घर से बिना कुछ बताए चला गया था और वापस नहीं आया। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन इसी बीच सोबरन को पश्चिमी रेलवे क्रासिंग के पास अज्ञात शव पड़ा मिलने की जानकारी हुई। इस पर वे मौके पर पहुंच गए और शव की शिनाख्त संजीव के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोबरन ने बताया कि संजीव अक्सर बीमार रहता था। परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। (संवाद)