गुरसहायगंज। कोतवाली क्षेत्र के लाजपुर निवासी मोहित कुमार राठौर ने शादी कराने के नाम पर पांच हजार रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। अज्ञात के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी है।
मोहित राठौर ने बताया कि वह अविवाहित है। दो अगस्त को एक महिला ने फोन कर उसकी शादी कराने की बात कही। मोहित से गुरुवार को शादी के लिए लड़की दिखाने की बात तय हुई थी। महिला ने लड़की की फोटो और उसका पता भी मोहित को बताया।
लड़की दिखाने और शादी तय कराने के नाम पर महिला ने बैंक खाते में पांच हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। मोहित ने जब लड़की दिखाने की बात कही, तो महिला ने दस हजार रुपये और खाते में डालने को कहा। इस पर मोहित ने इनकार कर दिया। मोहित ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी है। कोतवाली प्रभारी राज कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है। (संवाद)