कन्नौज। दहेज में छह लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप बहू ने ससुरालियों पर लगाया है। भाई के साथ कोतवाली पहुंची पीड़िता ने औरैया निवासी पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर कोतवाली के शहजापुर गांव निवासी किसान राम औतार ने 24 जून 2021 को बेटी रत्ना की शादी औरैया के थाना अछल्दा के गांव लालपुर निवासी पुष्पेंद्र के साथ की थी। बुधवार को भाई रोहित के साथ सदर कोतवाली पहुंची रत्ना ने पति पुष्पेंद्र, सास कश्मीरा, ससुर सत्यभान, देवर शैलेंद्र और ननद रोशनी देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि ये लोग दहेज में छह लाख रुपये की मांग कर रहे हैं।
मायके पक्ष की ओर से जब मांग पूरी न की जा सकी तो ससुराल के लोग उत्पीड़न करने लगे। 27 जुलाई को इन लोगों ने कमरे में बंद कर जिंदा जलाने की कोशिश की। शोर मचाने पर पड़ोसियों ने पहुंचकर उसकी जान बचाई। इसके बाद दूसरे दिन वह भाई के साथ मायके आ गई तो पीछा करते हुए कार से आए ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।