कन्नौज। दहेज में कार न मिलने से नाखुश ससुरालीजनों ने विवाहिता को पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद कार से लाकर मायके के बाहर फेंककर भाग निकले। विवाहिता ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर कोतवाली के मोचीपुर गांव निवासी किसान राम भजन ने 23 फरवरी 2020 को बेटी स्मृति की शादी फतेहगढ़ में बेवर रोड भोलेपुर निवासी पवित्र कटियार से की थी। स्मृति ने मंगलवार को सदर कोतवाली में सास लाली, ननद दीक्षा कटियार, जेठ सुनीत कटियार, सुमंत, बढ़पुर निवासी ऋद्धा देवी और मसेनी निवासी सुधांशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज में एक कार और दो लाख रुपयों की मांग कर रहे है। मांग पूरी न होने पर 10 जुलाई को पति पवित्र कटियार की गैर मौजूदगी में ससुराल वालों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद कार मे बैठाकर पीटते हुए मायके मोचीपुर के बाहर सुनसान स्थान पर फेंक कर चले गए। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।