कन्नौज। शहर के बस अड्डे पर बाइक में टक्कर लगने पर युवकों ने छात्र को दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया। स्थानीय लोगों ने पिटाई का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। एसपी ने वीडियो को संज्ञान लिया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
शहर के तिर्वा क्रासिंग पेट्रोल पंप के पास रहने वाला संजय कुमार कानपुर में पढ़ाई करता है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह बाइक से बस अड्डे के पास गया था। इस दौरान मीरा टोला निवासी शमीम अहमद की बाइक में उससे टक्कर लग गई। इसके बाद शमीम अहमद, उसके भाई हसीन अहमद और दो अज्ञात लोगों ने संजय कुमार को दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया। इससे वह घायल हो गया। मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। बुधवार को एसपी कुंवर अनुपम प्रताप ने वीडियो का संज्ञान लिया। पुलिस ने जब संजय से संपर्क किया तो उसने रिपोर्ट दर्ज कराने से इन्कार कर दिया।
इस पर सरायमीरा चौकी प्रभारी अवनेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शमीम अहमद और उसके भाई हसीन अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि जल्द अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।