छिबरामऊ। करमुल्लापुर गांव के पास जीटी रोड पार कर रहे ट्रक क्लीनर को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक फिसल गई, जिससे क्लीनर व बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। तीनों को सौ शैया अस्पताल से गंभीर हालत में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के लिए रेफर किया गया।
मैनपुरी जनपद के भोगांव निवासी सत्येंद्र यादव (32) एक ट्रक के क्लीनर हैं। रविवार को वह ट्रक में परचून का सामान लादकर छिबरामऊ से फैजाबाद जा रहे थे। करमुल्लापुर पहुंचने पर चालक ने ट्रक रोक दिया। कुछ सामान लेने के लिए सत्येंद्र जीटी रोड पार कर रहे थे, तभी गुरसहायगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक फिसल गई और उस पर सवार आयुष (17) पुत्र अनुज व सूरज (20) घायल हो गए। बाइक चला रहे सूरज ने हेलमेट नहीं पहना था। तीनों घायलों को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनको गंभीर हालत में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। (संवाद)