छिबरामऊ। खेत से लौट रहे वकील को घर कर मारपीट करने व घर में घुसकर तोड़फोड़ करना पूर्व ब्लॉक प्रमुख को काफी महंगा पड़ गया। तहसील में वकीलों के सामूहिक विरोध के बाद पूर्व ब्लॉक प्रमुख को शांति भंग की आशंका के तहत जेल भेज दिया गया।
ग्राम निजामपुर निवासी घनश्याम सिंह यादव तहसील में विधि व्यवसाय करते हैं। आरोप है कि 29 मई को सात बजे खेतों से लौटते समय गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह ने अपने बेटे अनुज व अनुराग के साथ घेर लिया। लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने घर में घुसकर मारपीट करते हुए तोड़फोड़ की। गांव के लोगों के आ जाने पर यह लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। वकील की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर राजेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। यहां तहसील में सभी वकील साथी के पक्ष में लामबंद हो गए। किसी ने भी जमानत नहीं डाली, जिस पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख को जेल भेज दिया गया।