छिबरामऊ। शीशम की सूखी जड़ खोदने को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। गालीगलौज करते हुए महिला समेत चार लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे घायलों को पुलिस ने 100 शैया अस्पताल भेज दिया।
ग्राम मुइया नगला निवासी सुमित राठौर ने बताया कि गांव के रास्ते पर शीशम की एक सूखी जड़ लगी है। इस जड़ को वह खोद रहा था। तभी गांव के कुछ लोगों ने उसके साथ गालीगलौज करते हुए लाठी डंडों से हमला बोल दिया। बीच बचाव करने पर इन लोगों ने मां ऊषा देवी, पिता धनपाल, ताऊ रामपाल को भी मारपीट कर घायल कर दिया।
गांव के लोगों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। घायल सुमित ने पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल संतोष कुमार कुशवाहा ने बताया कि सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।