गुरसहायगंज। कस्बे के मुख्य चौराहे पर शराब के नशे में सिपाही ने जमकर हंगामा किया। राहगीरों ने रोका तो सिपाही ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिपाही को सीएचसी पहुंचाया।
कस्बा के मुख्य चौराहे के निकट स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर रविवार की दोपहर पहुंचे सिपाही ने शराब ली और वहीं पास में ही बैठकर पी। काफी देर शराब पीने से जब नशा चढ़ा तो उसने हंगामा करना शुरू कर दिया। वहां से गुजर रहे लोगों को गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। नशे में धुत सिपाही कई बार जमीन पर गिरा और इस पर लोगों ने एक चारपाई लाकर दी, जिस पर वह बैठकर लोगों को गालियां देता रहा। इसकी सूचना पुलिस को दी।
कस्बा चौकी प्रभारी रोबिन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सिपाही को सीएचसी ले गए। काफी देर पूछताछ में सिपाही ने बताया कि वह मैनपुरी के आवास विकास कॉलोनी का रहने वाला है और कानपुर में डायल 112 में तैनात है। कानपुर से ट्रेन से आने के बाद उसने शराब पी ली। कोतवाल जेपी शर्मा ने बताया कि सिपाही का मेडिकल परीक्षण कराकर घर भेज दिया गया है। पूरे मामले की जानकारी आला अफसरों को जानकारी दे दी गई है।