तिर्वा। कस्बे की एक बर्फ फैक्टरी में गैस रिसाव से फसल खराब होने की शिकायत की गई है। पीड़िता ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर मुआवजे की मांग की है। एसडीएम ने मामले की जांच शुरू करा दी है। लेखपाल से भी स्थलीय मुआयना करवाया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तहसील क्षेत्र के देवपुर्वा गांव निवासी ऊषा देवी ने एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि क्षेत्र के दौलीखाती गांव में बर्फ बनाने की एक फैक्टरी संचालित है। उसने बताया कि फैक्टरी के पास ही उसका खेत है। उसका आरोप है कि चार दिन पहले उसी फैक्टरी में किसी कारण वश गैस का रिसाव होने लगा था। 20 मिनट तक हुए रिसाव से खेत में खड़ी आलू की फसल झुलस गई। इसको लेकर फैक्टरी के संचालक से शिकायत करने गई तो अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए भगा दिया। महिला ने फैक्टरी संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए फसल की क्षति होने पर मुआवजे की मांग है। एसडीएम पवन कुमार मीणा ने बताया कि शिकायत का संज्ञान लेकर जांच करवाई जा रही है। उसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर फैक्टरी से रिसाव की बात सामने आएगी तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फसल के नुकसान की बात आएगी तो उसकी भरपाई कृषि विभाग के माध्यम से कराई जाएगी।