गुरसहायगंज। शोभायात्रा में आतिशबाजी छुड़ाने से मना करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की कोतवाल से तीखी झड़प हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिस बैकफुट पर आ गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी छुड़ाई।
रामनवमी पर शोभा यात्रा निकाली गई, जिस पर आगे चल रहा एक युवक आतिशबाजी छुड़ाने लगा। चौराहे से थोड़ा आगे जैसे ही शोभायात्रा पहुंची की कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने पटाखे छुड़ाने से मना किया जिस पर कार्यकर्ताओं की उनसे नोकझोंक हो गई। जानकारी पाकर भाजपा नगर अध्यक्ष अनुराग गुप्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को आतिशबाजी छुड़ाने से रोके जाने का विरोध किया। जिस पर नगर अध्यक्ष की कोतवाली प्रभारी से तीखी झड़प हो गई। काफी देर तक दोनों में तल्ख भरी बातें हुईं, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मामला बिगड़ता देख पुलिस बैकफुट पर आ गई। इसके बाद जमकर आतिशबाजी छुड़ाई गई और नारेबाजी की गई। भाजपा नगर अध्यक्ष ने बताया कि कोतवाल आतिशबाजी छुड़ाने से मना कर रहे थे जिसका जब विरोध किया तो उन्होंने कार्यकर्ताओं पर रौब जमाया। मामले से भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।