राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर शनिवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में कर्मचारियों ने धरना देकर प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने डीएम से समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने मांग रखी कि जिन विभागों का वेतन भुगतान तीन माह से नहीं किया गया है, उनका भुगतान होली के त्योहार से पहले किया जाए। साथ ही वेतन भुगतान हर माह की पहली तारीख को हो। जीपीएफ की पासबुकाें का निरीक्षण आहरण वितरण अधिकारी करें। कर्मचारियों के लंबित देयकों का भुगतान मार्च माह में किया जाए। अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों के साथ अभद्रता पूर्ण व्यवहार पर रोक लगाई जाए। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों का अवशेष भुगतान शासनादेश के अनुसार सुनिश्चित किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सेवा पुस्तिकाओं पर कर्मचारियों के हस्ताक्षर कराए जाए। कर्मचारियों को वरिष्ठता सूची के अनुसार एसीपी का लाभ दिया जाए। पेंशन योजना के अंतर्गत इंडेक्स नंबर आवंटन हेतु फार्म भरवाकर शीघ्र आवंटित कराएं। मतगणना कर्मचारियों का भुगतान जल्द मिले। जो अधिकारी न्यायालय या मुख्य सचिव के आदेशाें का अनुपालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर महीने बैठक हो।
इस दौरान परिषद के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सविता, कर्मचारी अरुण कुमार, अनिल कुमार मिश्रा, मनोज कुमार, विजय कुमार, उदय वीर सिंह, अजय शुक्ला, आरएस शर्मा, रवि कुमार, कुसुम चौहान, किरन गुप्ता, किशन कुमारी, पूजा देवी, प्रीती भारती व कल्पना देवी आदि कर्मचारी मौजूद रहे।