तिर्वा। एनजीओ संचालक को डोनेशन में बड़ी धनराशि दिलवाने का झांसा देकर शातिर ठग ने रुपयों की ठगी कर ली। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की दी है।
सौरिख थाना क्षेत्र के कांकरकुई गांव निवासी सूरज कुमार कस्बा के कालिका नगर में युवा विकास फाउडेंशन के नाम से एनजीओ चलाते हैं। एनजीओ के तहत वह छात्रों को निशुल्क शिक्षा ग्रहण कराते हैं। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को उसे फोन कर एक व्यक्ति ने उसके एनजीओ को 14 लाख रुपये डोनेशन में देने की बात कही।
20 अगस्त को फोन करने वाला व्यक्ति मोहित कुमार तिर्वा कस्बा पहुंच गया। एक निजी होटल पर ठहरने के बाद उसने सूरज को 14 लाख रुपये की चेक दी और कहा कि इसमें से तीन लाख रुपये उसे वापस कर दे। इससे सूरज ने दो लाख 60 हजार रुपये तत्काल उसके खाते में भेज दिए। इसके बाद मोहित कुमार चकमा देकर मौके से गायब हो गया।
सोमवार को सूरज कुमार ने साथियों के साथ खोजबीन करते समय आरोपी मोहित को आगरा लखनऊ-एक्सप्रेसवे के पास देखा। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सूरज कुमार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाल रामअवतार ने बताया कि आरोपी हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।