कन्नौज। सर्द मौसम में हादसों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से सक्रियता शुरू हो गई है। सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने नेशनल हाईवे के जसोदा स्थित टोल प्लाजा पर चेकिंग अभियान चलाया। यहां गलत तरीके से खड़े 67 ट्रकों का चालान किया गया। अमर उजाला ने सोमवार से ही कोहरे में हादसे रोकने के लिए अभियान शुरू किया है।
सोमवार को जसोदा स्थित टोल प्लाजा पहुंचे याताया प्रभारी आफाक खान अपनी टीम के साथ वाहन चेकिंग शुरू की। हाईवे के किनारे खतरनाक ढंग से खड़े ट्रकों के चालान किया गया। ट्रैक्टरों में सवारी बैठाने वाले वाहन चालकों को रोक कर सवारी व चालकों को सवारियों को ट्रैक्टर-ट्राॅली में न बैठने की चेतावनी दी गई। साथ ही सभी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की चेकिंग की गई, जिसमें एक वाहन चालक शराब के नशे में पाया गया, जिसका चालान किया गया। वाहनों में हेडलाइट आदि की चेकिंग करते हुए चालान भी किया। उन्होंने बताया कि अब कोहरे का मौसम आने वाला है जिसमें दुर्घटनाएं होने की संभावना अधिक रहती है। बहुत सी दुर्घटनाएं तो सड़क के किनारे खड़े ट्रकों के कारण ही हो जाती हैं। इसलिए हाईवे के आसपास खतरनाक ढंग से खड़े वाहनों के चालान किए जा रहे हैं, ताकि चालकों को जानकारी होती रहे कि हाईवे के किनारे ट्रक नहीं खड़ा करना है।