सौरिख। गुड़गांव से लखनऊ जाते समय एक्सप्रेसवे पर सुबह आगे चल रहे अज्ञात वाहन में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में कार में बैठे डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे सुरक्षा अधिकारियों ने सभी को एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया।
गुड़गांव निवासी डॉ. सुनील यादव मामा नृपेंद्र कुमार की कार से साथी मधुर तोमर (36) कुमार निवासी सहानाबाद थाना कोतवाली शहर बिजनौर व अनूप सिंह निवासी बड़िया दलपति थाना देवरिया के साथ आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से लखनऊ जा रहे थे। थाना क्षेत्र सौरिख कट के पास किलोमीटर संख्या 155 के पास शुक्रवार को सुबह पांच बजे आगे चल रहे अज्ञात वाहन में कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसे में कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया ने मौके पर पहुंचकर घायलों को गाड़ी से निकालकर एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मधुर की हालत गंभीर होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजनों को सुरक्षा अधिकारी ने फोन पर जानकारी दे दी और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन से सौरिख टोल पर खड़ा कराया दिया गया।