छिबरामऊ। नवविवाहित दंपती के साथ कुलदेवी के दर्शन को जा रहे परिवार की कार आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। हादसे में महिलाओं समेत चार घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सौ शैया अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर चारों को प्राथमिक उपचार के बाद तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कानपुर के मंधना खुरसौली निवासी राहुल सिंह पुत्र महेश सिंह की शादी तीन दिन पहले 18 अप्रैल को हुई थी। रविवार को राहुल अपनी पत्नी शिवी, मां गीता सिंह, बुआ मंजू सिंह निवासी कल्यानपुर (गोवा गार्डन), भाभी नीतू सिंह पत्नी मनदीप सिंह के साथ प्रेमपुर के माधौनगर गांव स्थित कुलदेवी मां आनंदी देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे। कार राहुल का चचेरा भाई प्रशांत चला रहा था।
सिकंदरपुर ओवरब्रिज पार करने के बाद ग्राम शाहजहांपुर के सामने आगे चल रहे कंटेनर ने किसी कारण अचानक ब्रेक लगा दी, राहुल कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पीछे से कंटेनर में टकरा गया। हादसे के बाद कार में चीख पुकार मच गई, जबकि कंटेनर चालक मौके से मय वाहन के भाग निकला। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सौ शैया अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल गीता, मंजू, राहुल व नीतू को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया।