मानीमऊ। जीटी रोड पार करते समय तेज रफ्तार कार की टक्कर से पल्लेदार घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
क्षेत्र के सुल्तनापुर सरनाम सिंह (45) गांव के पास स्थित एक कोल्ड स्टोर में पल्लेदारी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। रविवार की रात वह कोल्ड स्टोर से पैदल घर लौट रहा था। जीटी रोड पार करते समय कानपुर की ओर से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर में उपचार के दौरान सरनाम सिंह ने दम तोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।