फोटो 19- हत्यारोपी अखिलेश कोरी। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। प्रेमिका के पति की गला रेतकर हत्या के आरोपी अखिलेश को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया। उसकी निशानदेही पर रसोई घर से पुलिस ने चाकू बरामद किया। वहीं, शक के दायरे में आई पत्नी के खिलाफ भी पुलिस को पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब एक-एक साक्ष्य एकत्र कर रही है।
थाना ठठिया क्षेत्र के खैरनगर गांव निवासी राजू (32) मुंबई में कुल्फी का धंधा करता था। शुक्रवार की रात शराब और मांस की दावत के बाद गांव में रहने वाले अखिलेश ने गला रेतकर राजू की हत्या कर दी थी। छानबीन में पुलिस के सामने आया कि राजू की पत्नी पूजा के अखिलेश से प्रेम-संबंध हैं। इससे राजू को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने के लिए अखिलेश ने सुनियोजित ढंग से पूजा को मायके भेजकर हत्या को अंजाम दिया था।
रविवार को पुलिस ने अखिलेश की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हुए चाकू को बरामद किया। हत्या केे बाद खून से सने चाकू को रसोई घर में छिपाकर अखिलेश भाग आया था। पुलिस ने अखिलेश को जेल भेज दिया। थाना प्रभारी प्रयाग नारायण बाजपेयी ने बताया कि पत्नी पूूजा भी शक के दायरे में हैं। उसके खिलाफ भी साक्ष्य मिले हैं। फिलहाल वारदात से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र कर छानबीन जारी है।