फोटो 09सीएचबीपी53: टावर पर चढ़ा युवक लाल गोले में । संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख। भूमि विवाद की रंजिश में डकैती का आरोप लगाने से आहत युवक ने डीएम और एसपी को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही। इसके बाद रस्सी लेकर टॉवर पर चढ़कर न्याय की गुहार लगाई। इससे प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। करीब दो घंटे बाद प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों के समझाने पर वह नीचे उतरा।
थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी दीपक यादव (30) का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन का विवाद है। बीते साल आरोपियों ने हमला कर दीपक को घायल कर दिया था। इसकी रिपोर्ट भी उसने दर्ज कराई थी। इस मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने के लिए विपक्षियों की ओर से एक युवती ने दीपक के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज कराने का आवेदन किया है।
शनिवार को थाना पुलिस उसके घर नोटिस देने पहुंची थी। इस बात से आहत दीपक ने रविवार की सुबह डीएम शुभ्रांत शुक्ल और एसपी कुंवर अनुपम सिंह, एसडीएम अशोक कुमार, सीओ दीपक दुबे आदि को कॉल कर आत्महत्या करने की बात कहकर नेटवर्क कंपनी के टॉवर पर चढ़ गया। इसकी जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता पहुंच गए। दीपक की मांग थी कि उसे झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। उसे इंसाफ चाहिए। अफसरों ने कॉल कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद समाजसेवी ओमी चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे और युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतरवाया।
एडीएम गजेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंच कर युवक से जानकारी की। एडीएम ने बताया कि पीड़ित के साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होगा। वह खुद मामले की जांच करेंगे।