कन्नौज। साइड न देने पर कार चालक ने साथियों के साथ रोडवेज बस चालक को पीट दिया। इससे वह घायल हो गया। पीड़ित बस चालक ने कोतवाली में तहरीर दी है।
मैनपुरी के बिछवां थाने के गांव लोधपुरी निवासी रोहिताश पुत्र कुंवरपाल सिंह यादव मैनपुरी डिपो की रोडवेज बस चलाते हैं। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे यह परिचालक शशांक तिवारी के साथ सवारियों से भरी बस को कानपुर ले जा रहे थे। बस स्टाप के पास जीटी रोड पर साइड न देने के कारण कार सवार चालक से रोहिताश की कहासुनी हो गई। इसके बाद कार चालक ने अपने चार साथियों को बुला लिया। इन्होंने रोहिताश को बेरहमी से पीट दिया। इससे यह घायल हो गए। पीड़ित ने सदर कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायल चालक का जिला अस्पताल में इलाज कराया। वरिष्ठ उप निरीक्षक रामाज्ञा चौबे ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।