कन्नौज जिले में शादी के बाद बहन की ससुराल से चौथी की विदा कराकर लौट रहे लोगों की कार को बाइक सवार लुटेरों ने रोक लिया। कार में बैठे लोगों के साथ मारपीट कर विवाहिता के जेवर लूट लिए और भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों की तलाश में इधर खाक छानी, लेकिन सुराग नहीं लगा।
सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर अलहा दादपुर निवासी रामनरेश ने बेटी गोल्डी की शादी दो फरवरी को हसेरन पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम उमरीपुर में की थी। बुधवार को रानरेश बेटे नेत्र पाल, मनोज व परिवार के उपदेश पाल, महाराम पाल के साथ बेटी की विदा कराने उमरीपुर गांव गए थे। लौटते समय गहपुरा गांव से पहले टीला के पास पीछे से तीन बाइकों पर आए आठ-नौ युवकों ने कार को रोक लिया। शीशे तोड़कर कार में बैठे लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान ही इन युवकों ने गोल्डी के गले का हार, जंजीर, झाले, तीन अंगूठी व कमर पेटी छीन ली और मौके से भाग निकले। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास गांव के लोग मौके पर एकत्र हो गए। इस बीच सूचना पर इंदरगढ़ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष किशन पाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक किए जा रहे हैं। रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बरात में भी हुई थी मारपीट
गांव के लोगों ने बताया कि दो फरवरी को शाहपुर अलहादादपुर में बरात आई थी। यहां उमरीपुर गांव के युवकों ने अभद्रता की थी, जिस पर मारपीट हुई थी। बरात में हुई मारपीट का बदला लेने के लिए युवकों ने कार को रोक कर विदा कराने आए लोगों के साथ मारपीट की है।