कन्नौज। कानपुर-कन्नौज रेलवे लाइन पर मानीमऊ के करीब रेलवे ट्रैक पर बोल्ट रखा मिला। इस दौरान कालिंदी एक्सप्रेस गुजरी तो बोल्ट पर पहिया पड़ने से आवाज हुई। चालक ने ट्रेन को रोक दिया। बोल्ट हटाने पर ही गाड़ियों को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन को 15 मिनट तक रोकना पड़ा।
बताया जा रहा है कि यह मामला गुरुवार की देर शाम का है। रेलवे ट्रैक पर कुछ बोल्ट रखे थे। किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसी बीच कानपुर से कन्नौज की ओर आ रही कालिंदी एक्सप्रेस गुजरी तो बोल्ट की वजह कर उसे रोकना पड़ा। ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड ने बोल्ट हटाकर ट्रेन को रवाना किया। यह बोल्ट वहां कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। शुक्रवार को भी मानीमऊ के पास से ट्रेन को धीरे-धीरे निकाला गया। मानीमऊ क्रासिंग के गेट मैन संतोष ने बताया कि शुक्रवार को दिन भर गाड़ियों को धीरे-धीरे निकाला गया। शुक्रवार को पूरे दिन मरम्मत का काम चलता रहा। हालांकि मानीमऊ के स्टेशन मास्टर राजीव कुमार ने ट्रेन के इंजन में आई खराबी को वजह बताया। किसी बोल्ट की जानकारी से उन्होंने इंकार किया है।